राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन मदमारुत’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने तीन साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर समीर खान को ब्यावर से गिरफ्तार किया है।
ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि समीर खान राज्य के टॉप मोस्ट ड्रग नेटवर्क NARKINGPIN-56 से जुड़ा हुआ था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। वह मध्य प्रदेश और राजस्थान में अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर मादक पदार्थों की सप्लाई करता था।
विकास कुमार ने कहा कि ANTF लगातार राज्य में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है और अब तक 67 बड़े तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। समीर की गिरफ्तारी के साथ यह संख्या बढ़कर 68 हो गई है।
आईजी विकास कुमार के मुताबिक, चाहे अपराधी राजस्थान के भीतर हो या बाहर, ANTF उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

