जयपुर में टोंक रोड स्थित गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास पति-पत्नी और एक अन्य महिला के बीच कथित रिश्तों को लेकर सड़क पर हंगामे का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक महिला अपने पति को दूसरी महिला के साथ बाइक पर जाते हुए रोकती और बीच सड़क पर दोनों से भिड़ती दिखाई दे रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्नी को लंबे समय से पति पर विवाहेतर संबंध का शक था। आरोप है कि पति घर में उसके साथ मारपीट भी करता था। इसी संदेह के चलते महिला ने पति का पीछा किया और उसे दूसरी महिला के साथ देख सड़क पर रोक लिया।
वीडियो में पत्नी कथित प्रेमिका को बाइक से उतारकर मारपीट करती दिखती है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पति पर भी वह हमला करती नजर आती है। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और कई लोग वीडियो बनाते रहे।
पुलिस का कहना है कि घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है और अब तक किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मामले की जांच की जा रही है।

