‘मोदी ने विकसित राजस्थान की नई नींव रखी’:शेखावत,युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर, 4 जुलाई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पित होने के साथ राजस्थान ने औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए युग में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश को लगभग 1.05 लाख करोड़ की अभूतपूर्व विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है, जो विकसित राजस्थान के संकल्प को सशक्त आधार प्रदान करेगी और आने वाले दशकों की विकास यात्रा को नई गति देगी।

शनिवार को जोधपुर स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने पचपदरा में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़कर उनका संबोधन सुना। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में शेखावत ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी, जोधपुर का अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल, जयपुर मेट्रो फेज-2, यमुना जल परियोजना तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं राजस्थान के विकास की नई धुरी बनेंगी। इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, उद्योगों का विस्तार होगा, लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राजस्थान के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। प्रदेश को मिली ये ऐतिहासिक परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, अपितु विकसित भारत और विकसित राजस्थान के विजन को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

टर्मिनल को समयबद्ध रूप से पूरा कराने में केंद्रीय मंत्री शेखावत की भूमिका सराहनीय : नायडू
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण को समयबद्ध रूप से पूरा कराने में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शेखावत ने निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा की तथा आर्किटेक्चर, टाइल्स, ग्लास, यात्री सुविधाओं और अन्य तकनीकी पहलुओं तक पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखी, जिससे परियोजना को समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सका। उन्होंने कहा कि जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक और सामाजिक विकास का प्रमुख आधार बनेगा। यह केवल एक आधुनिक टर्मिनल भवन नहीं, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश, उद्योग और रोजगार को नई दिशा देने वाली परिवर्तनकारी परियोजना है।
उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में जोधपुर एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 4 लाख से बढ़कर 11 लाख तक पहुंच चुकी है। अब केंद्र सरकार का लक्ष्य देश के प्रमुख महानगरों से जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करना तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रारंभ कर पश्चिमी राजस्थान को वैश्विक संपर्क प्रदान करना है।