ओम बिरला ने सुल्तानपुर में 14.5 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया,कहा- ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

Kota Rajasthan Rajasthan-Others

सुल्तानपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सुल्तानपुर में 14.5 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान झोटोली रोड पर 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक इंडोर खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया। खेलो इंडिया योजना के तहत बने इस मल्टीपरपज इण्डोर खेल स्टेडियम में स्थानीय खिलाड़ियों को बैडमिंटन, टेनिस, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, कबड्डी, जिम्नास्टिक, योग एवं फिटनेस गतिविधियों सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि सुल्तानपुर क्षेत्र विकास के नए अध्याय लिख रहा है। वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान भी हो रहा है और हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में लगभग 207 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए हैं और इन पांच वर्षों में सुल्तानपुर क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य कराने का लक्ष्य है।

मूलभूत सुविधाओं का हो रहा विस्तार
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सुल्तानपुर में आधुनिक इंडोर खेल स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। अब ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को मौसम की बाधाओं के बिना आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके साथ महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, वहीं एक करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक पंचायत में सामुदायिक भवनों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मताओं-बहनों का संकट दूर होगा
बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि जिस प्रकार शहरों में घर-घर पेयजल पहुंचता है, उसी प्रकार गांवों में भी हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो। नोनेरा बांध पेयजल परियोजना के माध्यम से क्षेत्र की माताओं-बहनों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी, वहीं किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। आज पूरे क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत हो रही है, कोटा-बूंदी क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। खेती का स्वरूप बदलने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने से किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

गेहूं खरीद की समय सीमा और लक्ष्य बढ़ाया
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। एक भी किसान एमएसपी पर खरीद से वंचित न रहे, इसके लिए हमने समयसीमा के साथ खरीद के लक्ष्य को भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ गरीबों के स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं के पोषण, बुजुर्गों को सहायक उपकरण तथा दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

टाकरवाड़ा में 11.29 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सुल्तानपुर के बाद स्पीकर बिरला ग्राम पंचायत टाकरवाड़ा पहुंचे, यहां उन्होंने बूढ़ादीत, कोटड़ा दीपसिंह, झाड़गांव, बनेठिया, बड़ौद, लाखसनीजा और मदनपुरा पंचायतों में हुए 11.29 करोड़ रूपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। बिरला ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से तय होता है। इसी सोच के साथ क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचे और हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।

ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा नेता मोतीलाल मीणा, प्रहलाद पंवार, एसटी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक मीणा, निवर्तमान प्रधान कृष्णा शर्मा, निवर्तमान चेयरमेन हेमलता शर्मा, सरस डेयरी चेयरमेन चैन सिंह राठौड़, पूर्व उप जिला प्रमुख संतोष खण्डेलवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा त्रिवेदी, पूर्व उप प्रधान महेन्द्र शर्मा, पूर्व महामंत्री कुंजबिहारी गौतम, वरिष्ठ नेता अभिय सिंह, सतपाल मान, प्रेरणा गौतम, नरेश शर्मा और हरिओम नागर मौजूद रहे।