नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली में ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत केंद्रीय रिज और नानकपुरा रिज क्षेत्र में पौधारोपण किया तथा दिल्ली सरकार की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अगले तीन वर्षों में दिल्ली रिज क्षेत्र को देशी और दीर्घायु वृक्षों से विकसित कर राजधानी का ‘ग्रीन लंग्स’ बनाया जाएगा। इसके लिए पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे वृक्ष लगाए जाएंगे, जबकि पर्यावरण के लिए अनुपयुक्त विदेशी प्रजातियों के पेड़ों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में अधिसूचित दिल्ली रिज क्षेत्र को अंतिम कानूनी संरक्षण मिलने में तीन दशक लग गए। अब दिल्ली सरकार ने करीब 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र को वन भूमि घोषित कर उसे कानूनी सुरक्षा प्रदान की है। सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में लगभग 6,300 हेक्टेयर रिज क्षेत्र के संरक्षण और पुनर्जीवन का है।
शाह ने कहा कि रिज क्षेत्र में 70 से अधिक तालाबों और जल निकायों का पुनरुद्धार किया जाएगा। साथ ही पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और ‘नक्षत्र वन’, ‘ऋषि वन’, ‘शंकर वन’ तथा अन्य थीम आधारित वनों का विकास भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया है। इसी उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने ग्रीन ड्राइव पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से नागरिक मुफ्त पौधे प्राप्त कर निर्धारित स्थानों पर पौधारोपण कर सकेंगे।
यमुना नदी के प्रदूषण का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की डेयरियों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में गोबर नदी में पहुंचता रहा है। इसे रोकने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के साथ समझौते की तैयारी की गई है, जिसके तहत गोबर से बायोगैस और जैविक खाद बनाई जाएगी ताकि यमुना में अपशिष्ट न पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में संचालित और निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) यमुना की सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने दिल्ली सरकार की कई आधारभूत परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें 300 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाना, तीन नए बस डिपो और स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्रों का उद्घाटन तथा नरेला में उच्च सुरक्षा कारागार का शिलान्यास शामिल है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन नीति, यमुना पुनर्जीवन अभियान और दिल्ली रिज पुनर्विकास योजना मिलकर राजधानी को अधिक हरित, स्वच्छ और टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

