राजस्थान में एसीबी की एक दिन में चार बड़ी कार्रवाई,तीन गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan

जयपुर: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए चार मामलों में रिश्वतखोरी के आरोपों पर कार्रवाई की। इनमें तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि उदयपुर में एक कांस्टेबल कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।

डूंगरपुर में एसीबी ने ग्राम पंचायत फलातेड के ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार डामोर को टेंट हाउस के बिल पास करने के बदले तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, पहले पांच हजार रुपये की मांग की गई थी, लेकिन सत्यापन के दौरान तीन हजार रुपये लेने पर सहमति बनी थी।

भीलवाड़ा में माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। एसीबी का आरोप है कि ठेका निरस्त नहीं करने और अनुबंध जारी रखने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।

जयपुर में मुहाना थाना क्षेत्र से जुड़े कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और उसकी दुकान का काम बाधित नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। मामले में एक अन्य कांस्टेबल सुरेश चौधरी की तलाश जारी है।

उधर, उदयपुर में गोवर्धनविलास थाने के कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा पर शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। एसीबी का कहना है कि ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

एसीबी ने सभी मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।