सांगोद और सुल्तानपुर में विकास की नई इबारत:लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बोले — ‘उजाड़ क्षेत्र अब विकास के उजाले से जगमगाएगा’

Kota Rajasthan

कोटा, 13 नवम्बर

राजस्थान के कोटा ज़िले के सांगोद और सुल्तानपुर क्षेत्रों में गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 130 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सांगोद अब प्रदेश में विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

सांगोद में 29 करोड़ की सौगात, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का आह्वान

सांगोद में आयोजित समारोह में ओम बिरला ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक भवन और पार्कों से जुड़ी 29 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद रहे।

बिरला ने कहा कि सांगोद के सर्वांगीण विकास के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा — “इन कार्यों के पूरा होने पर सांगोद प्रदेश के प्रमुख विकास मॉडल के रूप में उभरेगा।”

कार्यक्रम में सुपोषित मां अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं। बिरला ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु का संकल्प ही मजबूत समाज की नींव है।

यूनिटी मार्च में ‘वंदे मातरम’ के जयघोष

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सांगोद में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। गांधी चौक से शहीद हेमराज मीणा स्मारक तक निकले इस मार्च को ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हरी झंडी दिखाई।

मार्च में युवा देशभक्ति गीतों और ढोल की थाप पर नाचते-गाते शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और तोरणद्वारों से स्वागत किया गया। सबसे पीछे ट्रैक्टर रथ पर सरदार पटेल और बिरसा मुंडा की तस्वीरें सजी थीं।

नागर ने कहा — “जब देश आज़ाद हुआ, तब भारत रियासतों में बँटा था। पटेल जी ने अदम्य साहस से राष्ट्रीय एकता स्थापित की। आज़ादी के समय अगर वे प्रधानमंत्री होते तो कश्मीर में अलगाववाद की भावना कभी नहीं पनपती।”

सांगोद में नई परियोजनाओं की बाढ़

कार्यक्रम में लक्ष्मीपुरा में 2.60 करोड़ की लागत से बने 33/11 केवी जीएसएस, शहीद हेमराज मीणा कॉलेज के जीर्णोद्धार, नालों के निर्माण, 500 नई स्ट्रीट लाइट, और 8 करोड़ रुपये की लागत से नए जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा सांगोद नगर में 12 करोड़ रुपये की लागत से डिवाइडर और रोड लाइट सहित नई फोरलेन सड़क तथा 1 किलोमीटर तक बपावर रोड डिवाइडर निर्माण कार्य का शिलान्यास भी हुआ।

सुल्तानपुर-मंडावरा क्षेत्र में 102 करोड़ के विकास कार्य शुरू

उधर, कोटा ज़िले की सुल्तानपुर पंचायत समिति के मंडावरा में ओम बिरला ने 102 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वर्षों से लंबित रोटेदा–मंडावरा और सुल्तानपुर–निमोदा लिंक सड़क परियोजनाओं का काम भी अब शुरू हो गया है।

बिरला ने कहा — “कभी जिसे उजाड़ कहा जाता था, वह इलाका अब विकास के उजाले से जगमगाएगा। ये सड़कें कोटा और बूंदी की दूरी घटाएंगी और मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी राहत देंगी।”

उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र में वर्तमान में 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जारी हैं — जिनमें चंबल पर 256 करोड़ की पुलिया, ईआरसीपी से खेतों तक पानी पहुँचाने की योजना, स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार, डिजिटल लाइब्रेरी और खेल परिसर का निर्माण शामिल है।

किसानों और ग्रामीणों के लिए राहत

बिरला ने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों को मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष ध्यान है। सभी मुआवजा राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि सांगोद और सुल्तानपुर दोनों क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़े बदलाव आ रहे हैं। उन्होंने कहा — “अब कोई क्षेत्र उजाड़ नहीं रहेगा, हर गांव में विकास की रोशनी पहुँचेगी।”

इन कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, महिला मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।