जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम से ‘समरसता संकल्प अभियान’ का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ किया। इस दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र रज के 25 कलश रथों को राज्य की सभी लोकसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रदेश के हर गांव और मंडल तक पहुंचाने का प्रयास है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया तथा जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संत रविदास के आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील भी की।
समरसता संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी तक पांच चरणों में चलेगा। इसके तहत संत रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र रज प्रदेश के सभी जिलों, विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों और गांवों तक पहुंचेगी। अभियान के दौरान समरसता यात्राएं, संत सम्मान कार्यक्रम, छात्र संवाद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संत रविदास ने कर्मप्रधान जीवन, सामाजिक समानता और भेदभाव से मुक्त समाज का संदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि रथ यात्रा के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश प्रदेशभर में पहुंचेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, दिया कुमारी, अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

