जयपुर के गोपालपुरा बाईपास और 10बी स्कीम क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटरों के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। जेडीए ने मंगलवार को 22 कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है।
जेडीए के मुताबिक, इन भवनों में सेटबैक नियमों के उल्लंघन, निर्धारित पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ने, बिना अनुमति भवन निर्माण और बिना स्वीकृति कोचिंग संस्थान संचालित करने जैसी अनियमितताएं सामने आई हैं।
भवन मालिकों से मांगा गया जवाब
जेडीए ने संबंधित इमारतों के मालिकों से विभिन्न नियमों के उल्लंघन को लेकर जवाब मांगा है। अधिकारियों के मुताबिक, भवन मालिकों के जवाबों की संबंधित जोन स्तर पर जांच की जाएगी।
अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो जेडीए आगे की कार्रवाई कर सकता है। इसमें अवैध निर्माण हटाने और इमारत को सील करने जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।
अब तक 34 कोचिंग सेंटरों को नोटिस
जेडीए इससे पहले 12 कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी कर चुका है। मंगलवार को 22 और संस्थानों को नोटिस दिए जाने के बाद अब तक कुल 34 कोचिंग सेंटरों के खिलाफ नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
जेडीए की यह कार्रवाई खास तौर पर 10बी स्कीम की ओर स्थित कोचिंग सेंटरों पर केंद्रित है। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस के बाद मिलने वाले जवाबों और मौके की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

