राजस्थान के चूरू जिले में भारतीय वायुसेना का एक जगुआर फाइटर जेट बुधवार दोपहर क्रैश हो गया। हादसा दोपहर 12:40 बजे राजलदेसर थाना क्षेत्र के भाणूदा गांव में हुआ। इस दुर्घटना में विमान के पायलट और को-पायलट दोनों की मौत हो गई है।
चूरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि घटनास्थल पर विमान का मलबा बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है और वहां से दो शवों के क्षत-विक्षत अवशेष बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते पायलट समय रहते इजेक्ट नहीं कर पाए, जिससे यह हादसा हुआ।
भारतीय वायुसेना के सूत्रों ने बताया कि यह दो सीटों वाला ट्रेनिंग जगुआर जेट श्रीगंगानगर के पास स्थित सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ान भरा था। स्थानीय लोगों ने पहले आसमान में जोरदार गड़गड़ाहट सुनी और फिर एक तेज धमाका हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी।
हादसे के बाद सेना की एक जांच टीम मौके पर पहुंची है। एक सैन्य हेलिकॉप्टर को भी घटनास्थल के पास सड़क पर उतारा गया है। विस्तृत कारणों का खुलासा वायुसेना द्वारा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
पिछले पांच महीनों में यह देश में तीसरा जगुआर विमान हादसा है, जिससे इस विमान की तकनीकी विश्वसनीयता पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।

