गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत पर गिरी क्रेन,कई मजदूरों के दबे होने की आशंका

Front-Page National

गांधीनगर: गुजरात के गांधीनगर के पास कुडासन इलाके में बुधवार रात एक निर्माणाधीन इमारत पर बड़ी क्रेन गिर गई। हादसे के वक्त वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे और क्रेन के भारी हिस्सों के नीचे दब गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में 11 मजदूर घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी भी कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एक अतिरिक्त क्रेन मौके पर बुलाई गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की चार से अधिक गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही गांधीनगर और अहमदाबाद से बचाव दल मौके पर पहुंचे। फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी विपुल के मुताबिक, मलबे की पूरी तरह तलाशी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने लोग अंदर फंसे हैं।

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और दोनों शहरों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

डिप्टी सीएम और अधिकारी मौके पर पहुंचे

गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी और गांधीनगर नगर आयुक्त भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।