जयपुर में रोड शो के दौरान सीएम भजनलाल का कांग्रेस पर हमला,बोले- ‘एक शहर-एक निगम’ लागू किया

Jaipur Rajasthan

जयपुर में नगर निगम चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुआ रोड शो त्रिपोलिया गेट तक पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोगों से निकाय चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव अगले पांच साल के लिए शहर के विकास की दिशा तय करेगा। उन्होंने मतदाताओं से जाति-पाति से ऊपर उठकर विकास और सुशासन के मुद्दे पर मतदान करने को कहा।

कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने जयपुर, जोधपुर और कोटा में दो-दो नगर निगम बनाए थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने तीनों शहरों में फिर से ‘एक शहर-एक निगम’ की व्यवस्था लागू की है।

उन्होंने कांग्रेस पर ‘लूट और झूठ की राजनीति’ करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में उन कामों को आगे बढ़ाया है, जो लंबे समय से अटके हुए थे।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और धर्मांतरण के मुद्दे पर भी पिछली सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने धर्मांतरण के खिलाफ कानून और परकोटे में जबरन पलायन रोकने के लिए ‘डिस्टर्ब्ड एरिया’ से जुड़ी व्यवस्था लागू की है।

पानी और बिजली के काम गिनाए

भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में पानी की समस्या के समाधान के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते, इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर समेत कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

बिजली के क्षेत्र में सरकार के काम का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के पांच साल में करीब 3,900 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ी, जबकि उनकी सरकार ने ढाई साल में करीब 12,000 मेगावाट की क्षमता बढ़ाने का काम किया है।

रोजगार और पेपर लीक का मुद्दा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई साल में करीब 1.89 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं, जबकि 1.22 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और करीब 70 हजार पदों के लिए विज्ञप्तियां जारी की गई हैं।

उन्होंने पेपर लीक के मामलों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि उनकी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में 450 से अधिक परीक्षाएं हुईं, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।

जयपुर मेट्रो का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने जयपुर मेट्रो के विस्तार को लेकर कहा कि पिछली सरकार के समय सीमित दूरी तक मेट्रो का काम हुआ, जबकि भाजपा सरकार 41 किलोमीटर से अधिक के मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे जयपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने की अपील

भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार विकास के लिए काम कर रही है। अब निकायों में भाजपा के जनप्रतिनिधि चुने जाने से ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनेगी और विकास की गति और तेज होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ‘विकसित जयपुर, विकसित राजस्थान और विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाना है।

रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। रोड शो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।