EVM में तकनीकी खराबी के बाद जयपुर,जोधपुर और कोटा में मेयर-डिप्टी मेयर के चुनाव स्थगित

Jaipur Rajasthan

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम समेत चार नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव स्थगित कर दिए हैं।

इन निकायों में 21 सितंबर को होने वाली वोटिंग अब नहीं होगी। आयोग नए सिरे से चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा।

आयोग के मुताबिक, मतगणना के दौरान कुछ बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी के कारण चुनाव परिणाम जारी नहीं हो सके। इसके चलते इन निकायों के चुनाव परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं किए जा सके हैं।

आयोग ने कहा कि जब तक चुनाव परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं हो जाते, तब तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव निर्धारित तारीख पर कराना संभव नहीं है। इसलिए जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित किए गए हैं।

10 बूथों पर 16 सितंबर को दोबारा मतदान

EVM में तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित 10 बूथों पर 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा।

इन बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।

जयपुर में पांच बूथों पर रिपोलिंग

जयपुर नगर निगम के चार वार्डों के पांच बूथों पर दोबारा मतदान होगा।

  • वार्ड-9: बूथ संख्या 111
  • वार्ड-18: बूथ संख्या 235
  • वार्ड-25: बूथ संख्या 343
  • वार्ड-34: बूथ संख्या 477 और 484

जोधपुर, कोटा और सुकेत में भी दोबारा मतदान

जोधपुर नगर निगम के वार्ड-50 के बूथ संख्या 338 पर रिपोलिंग होगी।

कोटा नगर निगम के तीन वार्डों में दोबारा मतदान कराया जाएगा:

  • वार्ड-87: बूथ संख्या 99
  • वार्ड-44: बूथ संख्या 448
  • वार्ड-11: बूथ संख्या 576

वहीं सुकेत नगरपालिका के वार्ड-4 के बूथ संख्या 5 पर भी 16 सितंबर को दोबारा मतदान होगा।

रिपोलिंग और उसके बाद होने वाली मतगणना के परिणाम आने के बाद ही इन चारों निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नई तारीख घोषित की जाएगी।