सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा

Rajasthan Rajasthan-Others

खैरथल-तिजारा, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को खैरथल-तिजारा में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली और पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार राजस्थान के विकास को नई गति दे रही है और निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा को व्यापक समर्थन देकर सरकार के कार्यों पर विश्वास व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और उसका मूल मंत्र सदैव ‘पार्टी से बड़ा देश’ रहा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 204 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। वहीं, खैरथल-तिजारा जिले के 7 निकायों में से 6 में भाजपा का बोर्ड बना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और घर-घर तक पहुंचाएं तथा आगामी पंचायत चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।

उन्होंने कहा कि ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ मंत्र के साथ प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना होगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के सभी वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखने, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब संयम और तथ्यों के साथ दिया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मेहनत, सरकार के विकास कार्यों और जनता के विश्वास के साथ पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी जनादेश मिलेगा।