राजस्थान के सीकर ज़िले में स्थित खाटूश्यामजी धाम में बाबा श्याम का तीन दिवसीय मासिक मेला और नववर्ष मेला अपने चरम पर है। द्वादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर बाबा को खीर-चूरमे का भोग लगाया गया और विशेष श्रृंगार किया गया।
नववर्ष के मद्देनज़र प्रशासन, पुलिस और श्री श्याम मंदिर कमेटी अलर्ट मोड पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खाटूश्यामजी-रींगस सड़क मार्ग को ‘नो व्हीकल ज़ोन’ घोषित किया गया है, जिसे पूरी तरह पदयात्रियों के लिए आरक्षित रखा गया है। रींगस से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निशान लेकर पैदल खाटूधाम पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगभग 3,000 पुलिसकर्मी, होमगार्ड और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरे मेले क्षेत्र की निगरानी 250 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के ज़रिये की जा रही है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर मौजूद है। मेले के दौरान आतिशबाज़ी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि जेबकतरी और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन को उम्मीद है कि कड़े इंतज़ामों के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से बाबा श्याम के दर्शन कर पाएंगे।

