किशनगढ़ में सीएम भजनलाल शर्मा का कार्यकर्ताओं से संवाद, बोले- पंचायत चुनाव में बूथ मजबूत कर जीत के लिए जुटें

Ajmer Rajasthan Rajasthan-Others

अजमेर, 29 सितम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रही है। आगामी पंचायतीराज चुनावों में बीजेपी की विजय से सरकार में तीसरा इंजन जुड़ने पर प्रदेश में विकास को तीन गुना रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति और जनसेवा का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं और यही भावना पार्टी की सेवा संस्कृति का मूल मंत्र है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को अजमेर के किशनगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा डबल इंजन सरकार के विकास, सुशासन और नीतियों के प्रति प्रदेशवासियों के विश्वास का परिणाम है। प्रदेश के कुल 309 नगरीय निकायों में से 204 निकायों में भाजपा का बोर्ड बना है। अजमेर की 9 नगरीय निकायों में से 8 में भाजपा का बोर्ड बना है।

उन्होंने कहा कि जिस निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्यकर्ताओं ने नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी को जीत दिलाई है, उसी उत्साह के साथ पंचायतीराज चुनावों में भी संगठन को मजबूत करते हुए सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटना है। साथ ही, प्रत्येक पंचायत, गांव की चौपाल और हर घर-परिवार तक भाजपा कार्यकर्ता की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ बूथ, मंडल और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में जनसंपर्क के साथ डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को भी समझा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-ढाणी तक पहुंचाने के लिए संचालित सेवा संकल्प रथों के माध्यम से भी आमजन को सरकार के कार्यों की जानकारी दी जाए। उन्होंनेे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छता, रक्तदान, मेडिकल कैंप, आंगन मिलन, नमो सेवा लाभार्थी और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे कार्यक्रमों से जोड़ने की भी अपील की।