कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दीपावली की पूर्व संध्या पर न्यू सर्राफा बाजार पहुंचकर व्यापारियों के साथ रामा-श्यामा की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। व्यापारियों ने भी बिरला का स्वागत कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय पर स्पीकर बिरला का स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों को उपहार वितरित किए गए। इस दौरान व्यापार संघ के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल विचित्र, न्यू सर्राफा बाजार के अध्यक्ष सुशील लोहिया, पूर्व अध्यक्ष आनंद राठी, स्वर्ण रजत मार्केट के अध्यक्ष विजय कुमार जैन, कपिल सोनी, थोक सर्राफा संघ के अध्यक्ष जय कुमार जैन, गौरव सोनी आदि मौजूद रहे।
दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई दीपावली
बिरला ने महावीर नगर विस्तार स्थित एलबीएस कैम्पस में दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बिरला ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रत्येक दिव्यांग बच्चे के जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का उजाला हो। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और कौशल विकास के लिए लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति के निदेशक कुलदीप माथुर एवं उनके परिवार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
शीघ्र बनेगा दिव्यांग पार्क
बिरला ने कहा कि कोटा में शीघ्र ही दिव्यांग पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसमें दिव्यांग बच्चों और वयस्कों के लिए शिक्षा, खेल, पुस्तकालय और कौशल विकास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यालयी शिक्षा के बाद भी दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के अवसर मिलें, इसके लिए कोटा संभाग में दिव्यांग महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया जाएगा।

