जयपुर, 2 सितंबर।
राजस्थान में लोकदेवताओं की आस्था का अनूठा नजारा मंगलवार को उस समय देखने को मिला जब उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी बाबा रामदेवजी जयंती महोत्सव और तेजा दशमी पर आयोजित वीर तेजाजी मेले में शामिल हुईं।
अंबाबाड़ी स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर परिसर में जयंती महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपमुख्यमंत्री ने बाबा रामदेवजी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
इसी तरह, बंध की ढाणी स्थित तेजाजी मंदिर सर्किल पर आयोजित तेजा दशमी मेले में भी हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों ने लोकगीतों और भजन-कीर्तन से पूरे वातावरण को आस्था और लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया। उपमुख्यमंत्री ने वीर तेजाजी की पूजा-अर्चना करते हुए कहा कि तेजाजी महाराज त्याग, साहस और सत्य के प्रतीक हैं, जिनकी आस्था गाँव-गाँव में जीवित है और समाज को निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देती है।
दोनों आयोजनों में उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति से श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया और मेलों ने लोकपर्व का स्वरूप ले लिया।

