टोंक जेल में बंद एक कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। सवाई माधोपुर निवासी कैदी गणदेव गुर्जर (32) को मंगलवार शाम सीने में दर्द की शिकायत हुई। गणदेव को बुधवार सुबह पहले टोंक के सआदत अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही गणदेव की मौत हो गई।
इसके बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे गणदेव के परिजनों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। यह प्रदर्शन शाम करीब 6 बजे तक जारी रहा। पोस्टमॉर्टम कराने को लेकर परिजनों और प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन सकी। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा- समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण गणदेव की जान गई।
मृतक गणदेव गुर्जर सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के पांवड़ेरा गांव का निवासी था। वह पिछले 8 महीने से मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के एक मामले में टोंक जेल में बंद था।

