जयपुर:प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या,तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

Rajasthan

जयपुर के हरमाड़ा इलाके में शनिवार देर रात एक 22 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। युवक ने पहले ब्लेड से अपने हाथ की नसें काटीं और फिर अपने घर की तीसरी मंजिल से पड़ोसी के घर की छत पर छलांग लगा दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान रोहन चौधरी के रूप में हुई है, जो शिवा नगर क्षेत्र का रहने वाला था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता शीशराम चौधरी आर्मी से रिटायर्ड हैं और शनिवार को सीकर के कल्याणपुरा गांव गए हुए थे।

रात में लिया खौफनाक कदम

हरमाड़ा थाना पुलिस के एएसआई प्रमोद कुमावत ने बताया कि शनिवार रात खाने के बाद रोहन अपने कमरे में चला गया। देर रात उसने छत पर जाकर ब्लेड से अपने हाथ की नसें काटीं और फिर तीसरी मंजिल से करीब 22 फीट नीचे छलांग लगा दी।

सुबह मिली जानकारी

रविवार सुबह करीब 8 बजे पास के मकान में रहने वाले अशोक यादव ने सामने के बंद पड़े मकान की छत पर रोहन का शव देखा। उन्होंने तुरंत उसकी मां को सूचना दी, जो उस समय मंदिर गई हुई थीं। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रोहन की मौत हो चुकी थी।

मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं। हालांकि, रोहन के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है।

मोबाइल और ब्लेड मिले

स्थानीय पार्षद महेश अग्रवाल ने बताया कि रोहन का मोबाइल फोन छत पर रखी पानी की टंकी के पास मिला, वहीं पास में एक ब्लेड और दीवारों पर खून के निशान भी पाए गए। पुलिस को आशंका है कि नसें काटने के बाद अत्यधिक दर्द और खून बहने के कारण रोहन ने आत्मघाती छलांग लगाई।

पुलिस अब परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर आत्महत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।