रबी सीजन में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डिस्कॉम्स और प्रसारण निगम को बेहतर समन्वय के निर्देश

Jaipur Rajasthan

जयपुर,04 अक्टूबर। डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा तथा राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ सिहाग ने आगामी रबी सीजन की तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में अभियंताओं को लोड के समुचित प्रबंधन की संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम के सर्किल अधीक्षण अभियंता प्रसारण निगम के अभियंताओं के साथ समन्वय कर रबी सीजन में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।

डोगरा तथा सिहाग शनिवार को विद्युत भवन में जयपुर डिस्कॉम एवं प्रसारण निगम से संबंधित लंबित विषयों पर समीक्षा कर रहे थे।

डिस्कॉम्स चेयरमैन तथा प्रसारण निगम प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण, बढ़े हुए लोड के अनुरूप बेहतर क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर्स स्थापित करने, ओवरलोड लाइनों के बाइफर्केशन, नई लाइन खींचने आदि के काम जल्द से जल्द सुनिश्चित कर लिए जाएं। इससे रबी सीजन के दृष्टिगत विद्युत तंत्र को मजबूत किया जा सकेगा और व्यवधान रहित आपूर्ति में मदद मिलेगी। साथ ही वोल्टेज की समस्या भी दूर होगी।

उन्होंने सभी सर्किल अधीक्षण अभियंताओं से उनके क्षेत्र में प्रसारण निगम से संबंधित स्वीकृत ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता में बढ़ोतरी आदि कार्यों में समन्वय करने के निर्देश दिए। साथ ही अपेक्षा व्यक्त की कि ओवरलोड विद्युत तंत्र की समस्या से निजात दिलाने तथा प्रसारण क्षमता सुदृढ़ करने के लिए प्रसारण निगम द्वारा भी प्राथमिकता से कार्यों की गति में तेजी लाई जाए। सभी कार्य निर्धारित अवधि से पूरे कर लिए जाएं।

डोगरा ने डिस्कॉम अभियंताओं को नवनिर्मित 220 एवं 132 केवी ग्रिड सब स्टेशनों तथा आरडीएसएस योजना में बनाए गए 33 केवी सब स्टेशनों एवं फीडरों का समुचित उपयोग कर विद्युत आपूर्ति में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में जयपुर डिस्कॉम एवं प्रसारण निगम के तकनीकी निदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता मौजूद थे। दोनों निगमों के सभी वृत्तों के अधीक्षण अभियंता वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।