जयपुर, 4 अक्टूबर। उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के 9वें राष्ट्रीय अधिवेशन की पूर्व संध्या पर संजीवनी रायकर प्रदर्शनी मंडपम का उद्घाटन किया। यह अधिवेशन 5 से 7 अक्टूबर तक केशव विद्यापीठ, जामडोली में आयोजित किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसमें प्रस्तुत नवाचारों और शैक्षिक सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा और संस्कारों का महत्वपूर्ण स्थान है और महासंघ द्वारा शिक्षकों को मजबूत मंच प्रदान करना सराहनीय प्रयास है।
दिया कुमारी ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों और उपस्थित प्रतिनिधियों को युवाओं में स्वदेशी के प्रति जागरूकता फैलाने और भारतीय उत्पादों व देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम जी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता, महामंत्री डॉ. गीता भट्ट, सह संगठन मंत्री गुन्था लक्ष्मण सहित अन्य पदाधिकारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

