ACB in Action : नगर पालिका EO के 8 ठिकानों पर रेड, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

Jaipur Rajasthan
अलवर के मालाखेड़ा स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई।

जयपुर : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) फतेह सिंह मीणा के 8 ठिकानों पर छापेमारी की। यह रेड जयपुर के जगतपुरा, विराटनगर, पावटा (कोतपूतली-बहरोड़), शाहपुरा (जयपुर), कोटपूतली, थानागाजी (अलवर) सहित उनके ऑफिस पर भी की गई। मंगलवार तड़के एसीबी की टीम ने इन ठिकानों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

ईओ फतेह सिंह मीणा पर सरकारी सेवा में रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। एसीबी को मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। सर्च के दौरान, एसीबी को कई ठिकानों पर करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति के निवेश के सुराग मिले हैं। इसके अलावा, कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जो उनकी काली कमाई से संबंधित हो सकते हैं।

एसीबी की टीम ने इस मामले में और अधिक जांच शुरू कर दी है और जल्द ही काली कमाई का पूरा विवरण सामने आने की संभावना है।

एसीबी के डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि उन्हें फतेह सिंह मीणा, जो कि पावटा-प्रागपुरा के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) हैं, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। एसीबी द्वारा किए गए गोपनीय सत्यापन में यह सामने आया कि फतेह सिंह ने राजकीय सेवा में नियुक्त होने के बाद 273 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। इस आधार पर उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।

फतेह सिंह की काली कमाई से बनाई गई संपत्ति में शामिल हैं:

  1. जगतपुरा, जयपुर – यहां उन्होंने दो लग्जरी फ्लैट खरीदे हैं, जिनकी कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपए है।
  2. नीमकाथाना, दीपावास – यहां 1.05 हेक्टेयर जमीन खरीदी है।
  3. अलवर, थानागाजी – फतेह सिंह ने अपने परिचित के नाम पर 15 बीघा जमीन खरीदी, और उस पर फॉर्म हाउस डेवलप किया, जिसमें करीब 80 लाख रुपए का बेनामी निवेश किया गया है।

इन दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच जारी है, और एसीबी जल्द ही इस मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा करने की तैयारी कर रही है।