राजस्थान में नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई,414 किलो डोडा-पोस्त समेत अफीम और पौधे बरामद

Jaipur Rajasthan

जयपुर: राजस्थान में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने तीन अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 66.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार, आईजी एएनटीएफ ने बताया कि कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम. एन. के निर्देशन में की गई। उन्होंने कहा कि एएनटीएफ के गठन के बाद से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पहली कार्रवाई में भीलवाड़ा जिले के पूर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर निगरानी के दौरान टीम ने दो कारों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में करीब 414 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। इस मामले में पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और दोनों वाहनों को जब्त किया गया है।

दूसरी कार्रवाई बीकानेर जिले के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में की गई, जहां एक खेत में चने की फसल के बीच अवैध अफीम के 92 पौधे पाए गए। टीम ने खेत से पौधे नष्ट करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

तीसरी कार्रवाई फलोदी जिले में की गई, जहां प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड की मदद से एक घर में छापा मारकर 44.60 ग्राम अफीम और लगभग 498 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी को मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो एएनटीएफ के नियंत्रण कक्ष या व्हाट्सऐप नंबर पर सूचना दे सकते हैं, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।