शिव (राजस्थान): बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय रोज़गार मेले के पहले दिन सैकड़ों युवा साक्षात्कार देने पहुंचे। यह मेला शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी की पहल पर शिव मुख्यालय में आयोजित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस जॉब फेयर में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और बी.टेक जैसी तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए औद्योगिक और कौशल आधारित क्षेत्रों में अवसर दिए गए, जबकि बीए, बीकॉम और अन्य स्नातकों के लिए प्रशासन और मानव संसाधन से जुड़े पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए।
इस दौरान विधायक रविन्द्र सिंह भाटी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और युवाओं से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
आयोजकों के मुताबिक, रोज़गार मेला 17 मार्च को भी आईटीआई कॉलेज शिव में जारी रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने की योजना है।

