पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक छह आतंकियों के घरों को ध्वस्त कर दिया है। इनमें लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आसिफ शेख, आदिल ठोकेर, हारिस अहमद और जैश-ए-मोहम्मद के अहसान उल हक, जाकिर अहमद गनई और शाहिद अहमद कुटे के नाम शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अहसान उल हक 2018 में पाकिस्तान से आतंकी ट्रेनिंग लेकर लौटा था। आसिफ और आदिल के नाम पहलगाम हमले में सामने आए थे। सेना ने त्राल, अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां जिलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान यह कार्रवाई की है।
इस बीच, द कश्मीर रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने पहलगाम हमले की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। हालांकि, हमले के तुरंत बाद TRF ने ही इसकी जिम्मेदारी ली थी।
इधर, पाकिस्तान की सेना ने शुक्रवार सुबह और शनिवार तड़के एलओसी पर भारतीय फॉरवर्ड पोस्ट पर फायरिंग की। भारतीय सेना ने इसका माकूल जवाब दिया। फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर में मेडिकल इमरजेंसी लागू कर दी गई है। सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और हालात पर 24 घंटे नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इसके साथ ही शनिवार सुबह गुजरात के सूरत और अहमदाबाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 500 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लिया। गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में मुख्यमंत्रियों से घुसपैठियों की जल्द पहचान कर उन्हें देश से बाहर करने का आग्रह किया था।

