उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के देवबंद क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में ज़ोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के समय फैक्ट्री में 10 से ज़्यादा लोग मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज़ था कि पूरी इमारत ढह गई और शवों के टुकड़े 100 से 150 मीटर दूर तक जा गिरे। धमाके की आवाज़ दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और लोग इसे भूकंप समझकर घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को सील कर दिया गया। राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
हादसे के बाद ग़ुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी और पहले भी इसको लेकर शिकायतें की गई थीं।
यह फैक्ट्री सहारनपुर के निहालखेड़ी गांव में स्थित है, जो ज़िला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर और देवबंद से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

