सीजफायर के बाद जोधपुर और सरहदी जिलों में हालात सामान्य,स्कूल-कॉलेज खुले,ऑपरेशन सिंदूर जारी

Rajasthan

भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम के बाद राजस्थान के पश्चिमी सरहदी जिलों—जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बालोतरा सहित अन्य क्षेत्रों में मंगलवार से हालात सामान्य होने लगे हैं। हालांकि सुरक्षा कारणों से रात के समय ब्लैकआउट का विकल्प अभी भी बरकरार रह सकता है।

जोधपुर समेत राज्य भर में सीबीएसई और आरबीएसई से संबद्ध स्कूलों में मंगलवार को शिक्षण कार्य दोबारा शुरू हुआ। ज़िलाधिकारियों द्वारा सोमवार को सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश रद्द कर दिए गए थे।

विश्वविद्यालयों में भी लौटी रौनक

जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) में भी मंगलवार से नियमित कक्षाएं शुरू हो गईं। मिड टर्म परीक्षाएं फिर से प्रारंभ हो गई हैं और 15 मई से मुख्य परीक्षाएं पूर्व घोषित समय-सारणी के अनुसार होंगी। हाल ही में स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखें अलग से घोषित की जाएंगी। एमबीएम विश्वविद्यालय की स्थगित परीक्षाएं अब 21 मई से शुरू होंगी, जिसका संशोधित टाइम टेबल जल्द जारी होगा।

शिक्षा मंत्री बोले – ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार रात जोधपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, “ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए हमने पहलगाम हमले का बदला लिया, लेकिन यह ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। जब तक पाकिस्तान की नापाक हरकतें जारी रहेंगी, तब तक इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्पष्ट कर चुके हैं—”ईंट का जवाब पत्थर से मिलेगा।”

15 मई से फ्लाइट्स शुरू होने की संभावना

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा 14 मई तक जोधपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट संचालन स्थगित किया गया था। संघर्षविराम के बाद सोमवार को एयरपोर्ट खोलने के निर्देश जारी हुए, लेकिन एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें अब तक शुरू नहीं हुई हैं। ऑनलाइन बुकिंग में 15 मई से उड़ानों की उपलब्धता दिख रही है।