ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जोधपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा,केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले-जवानों के पीछे खड़ा है पूरा देश

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर:-जोधपुर में रविवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सैनिकों के सम्मान में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जालोरी गेट से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और भारत माता के जयघोष के साथ वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तिरंगा यात्रा की शुरुआत करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हर प्रहरी के पीछे 140 करोड़ भारतीयों की ताकत है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में सैनिकों ने अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है।

शेखावत ने अपने संबोधन में कहा, “पहलगाम आतंकी हमले का जिस तरह बदला लिया गया, उसने दुनिया में भारत की ताकत को दिखा दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में घुसकर सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया गया और आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद किया गया।”

तिरंगा यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं सहित आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक अतुल भंसाली और महापौर वनिता सेठ सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

इस आयोजन को सेना के प्रति समर्थन और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें नागरिकों ने देश की संप्रभुता की रक्षा में लगे जवानों के प्रति कृतज्ञता जताई।