विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 18 मई 2025 — राजस्थान चैप्टर ऑफ इंडियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन (InSH) एवं एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडिया (API) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर रविवार प्रातः 6:00 बजे से सेंट्रल पार्क, गेट नंबर 4, जयपुर में एक मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।

सोसायटी के मानद सचिव एवं एस एम एस अस्पताल के मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ पुनीत सक्सेना ने बताया कि इस शिविर में आमजन को उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के प्रति जागरूक करने एवं प्रारंभिक जांच व परामर्श उपलब्ध कराने का उद्देश्य रहा। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

सोसायटी के कोषाध्यक्ष एवं शिविर के कोऑर्डिनेटर डॉ मयंक गुप्ता ने बताया कि शिविर में निम्नलिखित नि:शुल्क जांच सुविधाएं प्रदान की गईं:
बीपी (रक्तचाप)
शुगर (रक्त शर्करा)
HbA1C
लिपिड प्रोफाइल
टीएसएच
विटामिन D3
ईसीजी
बीएमआई

शिविर में इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन के राष्ट्रीय सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ राजीव गुप्ता , राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष डॉ अरविंद गुप्ता, संयुक्त सचिव डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, साइंटिफिक रजिस्ट्रार डॉ अंचिन एवं डॉ सुरेश यादव ने भी मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श प्रदान किया।

डॉ. मयंक ने कहा कि “स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता ही रोगों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है। ऐसे शिविरों के माध्यम से हम समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।”

इस शिविर ने न केवल सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया, बल्कि उन्हें हाइपरटेंशन जैसे ‘मूक रोग’ के प्रति सजग भी किया।