जयपुर, 24 अक्टूबर — जयपुर विद्युत वितरण निगम ने विद्युत सेवाओं को कंज्यूमर फ्रेंडली, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए अनूठी पहल की है। अब नए घरेलू कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता मोबाइल एप ‘बिजली मित्र’ के जरिए अपनी सेवा अनुभव को 1 से 5 स्टार रेटिंग में दर्ज कर सकेंगे।
चेयरमैन आरती डोगरा ने सभी जोनल और अधीक्षण अभियंताओं के साथ फीडबैक मैकेनिज्म की तैयारियों की समीक्षा की और सोमवार से इसे लागू करने के निर्देश दिए। निगम ने यह व्यवस्था पहली बार किसी सरकारी सेवा में लागू की है, जो निजी सेवा प्रदाताओं की तरह उपभोक्ताओं से सीधा फीडबैक लेगी।
उपभोक्ता कनेक्शन प्राप्त होने के बाद मोबाइल पर एसएमएस पाएंगे और एप डाउनलोड कर अनुभव दर्ज कर सकेंगे। 1 या 2 स्टार रेटिंग वाले मामलों में अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाएगी और सेवा सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। यह प्रक्रिया निचले स्तर तक मॉनीटरिंग आसान बनाएगी और देरी या लापरवाही के मामलों में सुधार लाने में मदद करेगी।
जयपुर डिस्कॉम पहले भी 1 अप्रैल से 15 अगस्त 2025 के बीच 75,746 उपभोक्ताओं से कॉल के जरिए फीडबैक ले चुका है, जिसमें 41,815 उपभोक्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए थे। इस पहल का उद्देश्य आमजन से वास्तविक प्रतिक्रिया लेकर विद्युत सेवाओं को बेहतर बनाना है।

