राजस्थान और स्पेन में सांस्कृतिक व विरासत सहयोग को लेकर नई पहल,उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और स्पेनिश राजदूत की मुलाक़ात

Jaipur Rajasthan

जयपुर में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने स्पेन के भारत में राजदूत महामहिम जुआन एंतोनियो मार्च और फाइरा बार्सिलोना इंटरनेशनल के सीईओ रिकर्ड ज़ापातेरो से मुलाक़ात की। इस बैठक में राजस्थान और स्पेन के बीच सांस्कृतिक और विरासत संरक्षण से जुड़े सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और एडेप्टिव रीयूज़, पारंपरिक शिल्प, डिज़ाइन, और प्रदर्शन कलाओं को बढ़ावा देने वाले सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, पर्यटन निवेश, कौशल विकास, और राजस्थान को वैश्विक MICE गंतव्य (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ़्रेंस और एग्ज़िबिशन हब) के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

दीया कुमारी ने कहा कि स्पेन के साथ यह साझेदारी राजस्थान में सांस्कृतिक समृद्धि और विरासत संरक्षण के नए अवसर खोलेगी। उन्होंने कहा कि यह सहयोग न केवल आर्थिक और कौशल विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करेगा।

बैठक में इस बात पर सहमति जताई गई कि विरासत वास्तुकला और स्मार्ट टूरिज़्म के क्षेत्र में स्पेन की विशेषज्ञता, राजस्थान के सतत सांस्कृतिक विकास के लक्ष्य के अनुरूप है।