11 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट,बेंगलुरु में भारी बारिश से तीन मौतें

Rajasthan

मौसम विभाग ने मंगलवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। वहीं झारखंड और बिहार सहित 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खराब मौसम के चलते महाराष्ट्र में बिजली गिरने से दो और झारखंड में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

बेंगलुरु में बारिश बनी आफत
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोमवार से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है और सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने लगातार दूसरे दिन बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

बारिश के कारण शहर में तीन लोगों की मौत हुई है। बीटीएम लेआउट इलाके में एक अपार्टमेंट में पानी भरने के कारण करंट लगने से 12 साल के बच्चे और 63 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। वहीं, व्हाइटफील्ड क्षेत्र में एक दीवार गिरने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

कुछ इलाकों में हीटवेव की मार
हरियाणा, राजस्थान समेत चार राज्यों में लू चलने की आशंका है। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

मानसून की दस्तक और अगली चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने 19 मई को जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।