राजस्थान:वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप,कांग्रेस का जयपुर में पैदल मार्च

Jaipur Politics Rajasthan

राजस्थान में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को जयपुर में पैदल मार्च किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में यह मार्च दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर शहीद स्मारक पर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हो रही है और चुनाव आयोग कोई जवाब नहीं दे रहा। उन्होंने कहा, “इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है।”

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि संदेह दूर करने के लिए चुनाव आयोग को खुद पहल करनी चाहिए, न कि सरकार को। “निर्वाचन आयोग स्पष्ट करे कि गड़बड़ी कहां हुई है,” उन्होंने कहा।

पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “उन्होंने वोट की चोरी से सत्ता हासिल की है। एक तरफ SIR के नाम पर विपक्ष के वोट काटे जा रहे हैं, दूसरी तरफ बीजेपी के फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं।”

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनावी फर्जीवाड़ा किया है और राहुल गांधी ने इसे उजागर किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले में जवाब देना चाहिए।