राजस्थान: दौसा में पिकअप खड़े कंटेनर से टकराई,11 श्रद्धालुओं की मौत

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें सात बच्चे शामिल हैं। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे नेशनल हाईवे-148 पर सैंथल थाना क्षेत्र के बापी गांव के पास हुआ, जब खाटूश्याम से लौट रही पिकअप सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई।

मृतक सभी उत्तर प्रदेश के एटा और फिरोजाबाद जिले के रहने वाले थे। एटा के जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के मुताबिक असरौली गांव से करीब 45 लोग दो पिकअप वाहनों में खाटूश्याम गए थे। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में 22 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। मौके पर 10 लोगों की मौत हुई, जबकि एक ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ा। चार मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार अन्य घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है।

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि हादसा एक ‘ब्लैकस्पॉट’ पर हुआ और इस तरह के कई स्थान प्रदेश में चिह्नित किए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने हादसे पर शोक जताया है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के 2022 के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान देश में सड़क हादसों में शीर्ष छह राज्यों में शामिल है, जहां हर साल करीब 11 हजार लोगों की जान जाती है। फरवरी 2025 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में स्वीकार किया था कि 2024 तक सड़क हादसों और मौतों को 50% घटाने का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका, बल्कि हादसों में और बढ़ोतरी हुई है।