असम विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। नलबाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए राज्य की जनसंख्या संरचना को बदल दिया।
उन्होंने कहा कि धुबरी और आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में घुसपैठिए मौजूद हैं और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने वर्षों तक अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया।
अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में सभी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मतदाता सूची से हटाया जाएगा और वापस भेजा जाएगा।
गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा मजबूत करने और कथित रूप से अतिक्रमित जमीन को वापस लेने का भी जिक्र किया।
उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में कई शांति समझौते हुए हैं, जिससे राज्य में हिंसा और उग्रवाद में कमी आई है।
इसके साथ ही उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की बात भी कही, जिसे उन्होंने समानता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बताया।
गौरतलब है कि असम में सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को निर्धारित है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

