राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के नंदुरबार से गिरफ्तार किया है।
ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी ब्रह्मलाल पुत्र गंगाराम, उम्र करीब 50 वर्ष, भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र के बराना गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ डोडा-चूरा की तस्करी के मामले में इनाम घोषित था। ANTF ने ‘ऑपरेशन माहुरगुंज’ के तहत कार्रवाई करते हुए उसे महाराष्ट्र से दबोचा।
विकास कुमार के मुताबिक, ब्रह्मलाल ने कम आमदनी और आर्थिक परेशानी के बाद अपने एक तस्कर साथी के संपर्क में आकर ट्रक में लोडिंग के सामान के साथ गांजा, डोडा-पोस्त और अफीम की तस्करी शुरू कर दी थी। धीरे-धीरे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी ही उसका मुख्य धंधा बन गई।
ट्रक में डोडा-चूरा मिलने के बाद हुआ फरार
साल 2024 में आसींद थाना पुलिस ने ब्रह्मलाल के ट्रक को डोडा-चूरा के साथ पकड़ा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद वह कार्रवाई के डर से फरार हो गया। फरारी के दौरान उसने गुजरात के सोनगढ़ इलाके में करीब सात से आठ महीने क्रेशर प्लांट पर मजदूरी की।
इसके बाद वह एक परिचित के जरिये महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के डेडवड इलाके में पहुंचा और करीब एक साल तक क्रेशर प्लांट पर मजदूरी तथा ट्रैक्टर चलाने का काम करता रहा। इस दौरान उसने अपनी पहचान छिपाकर रखी।
मोबाइल बंद कर पुलिस से बचता रहा
ANTF IG विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल फोन इस्तेमाल करना तक बंद कर दिया था। वह करीब एक साल से अपने गांव भी नहीं आया था और अलग-अलग जगहों पर मजदूरी करते हुए पहचान छिपाकर रह रहा था।
ANTF टीम को महाराष्ट्र के नंदुरबार इलाके में मौजूद एक मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली। मुखबिर ने आरोपी की गुप्त तस्वीरें टीम को भेजीं। तस्वीरों के आधार पर उसकी पहचान ब्रह्मलाल के रूप में हुई और टीम महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई।
गिट्टी खरीददार बनकर क्रेशर प्लांट पहुंची टीम
ANTF टीम ने आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए खुद को गिट्टी का खरीदार बताकर अलग-अलग क्रेशर मशीनों और वहां काम करने वाले मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई।
करीब पांच से छह किलोमीटर पैदल चलकर टीम क्रेशर मशीनों तक पहुंची और वहां मजदूरों से गुप्त रूप से पूछताछ की। जांच के दौरान डेडवड इलाके के एक क्रेशर प्लांट पर भीलवाड़ा निवासी गोवर्धन जाट के पत्थर और गिट्टी डालने की जानकारी मिली।
टीम ने वहां निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रैक्टर चलाता हुआ दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम ‘धर्मा’ बताया। हालांकि ANTF टीम को उसकी पहचान पहले से थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम ब्रह्मलाल बताया और टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ANTF IG विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल टीमों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को ANTF मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
ANTF ने आम लोगों से अपील की है कि किसी अपराधी या अपराध से जुड़ी सूचना टास्क फोर्स के कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

