जयपुर।
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जयपुर के प्रसिद्ध श्री मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचकर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश जी महाराज से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने प्रदेश की उन्नति और विकास के लिए भी मंगलकामना की।
दिया कुमारी ने कहा कि भगवान श्री गणेश जी की कृपा से राजस्थान प्रगति, विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का माहौल नजर आया। मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

