राजस्थान में ANTF की बड़ी कार्रवाई:सिंथेटिक ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़,दो करोड़ की एमडी जब्त

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी सफलता का दावा किया है। जालोर ज़िले में संयुक्त कार्रवाई के दौरान सिंथेटिक ड्रग बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया, जहां से करीब 4.9 किलोग्राम एमडी (मेथामफेटामीन) और बड़ी मात्रा में रसायन व उपकरण बरामद किए गए। जब्त ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है

इस अभियान का नेतृत्व ANTF के आईजी विकास कुमार ने किया। उनके मुताबिक, यह कार्रवाई राजस्थान एएनटीएफ, एनसीबी जोधपुर और जालोर पुलिस की संयुक्त टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर की। छापेमारी जालोर के एक गांव में स्थित कथित गुप्त प्रयोगशाला पर की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से सिंथेटिक नशे का निर्माण किया जा रहा था

जांच एजेंसियों का कहना है कि फैक्ट्री से जब्त सामग्री से आने वाले दिनों में कई गुना अधिक नशीला पदार्थ तैयार किया जाना था, जिससे हज़ारों युवाओं तक नशा पहुंच सकता था। आईजी विकास कुमार ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क की “कमर तोड़ने” की दिशा में अहम कदम है और आगे भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे

एएनटीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी गोपनीय रूप से एजेंसी तक पहुंचाएं, ताकि इस तरह के नेटवर्क पर समय रहते कार्रवाई की जा सके