राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मध्य प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित और इनामी तस्कर अवेश उर्फ अरमान को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दोनों राज्यों के बीच समन्वय का उदाहरण मानी जा रही है ।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के नेतृत्व में गठित एएनटीएफ की टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के बड़वानी थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में वांछित आरोपी अवेश उर्फ अरमान को प्रतापगढ़ जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र से दबोचा गया ।
जांच में सामने आया है कि 20 वर्षीय अवेश राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है और कम उम्र में ही वह मध्य प्रदेश के तस्करों के संपर्क में आकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हो गया। अधिक मुनाफे के लालच में उसने राजस्थान से मादक पदार्थों की आपूर्ति कर मध्य प्रदेश में नशे का नेटवर्क फैलाया ।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने कोटड़ी गांव के पास जाल बिछाया और क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उसे दबोच लिया ।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी या अपराध से जुड़ी कोई भी सूचना मिले तो एएनटीएफ के हेल्पलाइन नंबर पर साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी ।

