राजस्थान में नशा तस्करों पर ANTF का शिकंजा तेज,प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड ने 19 बड़ी कार्रवाईयों में निभाई अहम भूमिका

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रही है। ANTF के प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड ने बीते दो महीनों में 19 बड़ी कार्रवाईयों में अहम भूमिका निभाई है।

ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित डॉग ‘प्रिंस’, ‘सुजैन’ और ‘नौवी’ ने अपनी सूंघने की क्षमता के जरिए छिपाकर रखे गए अवैध मादक पदार्थों को तलाशने में टीम की मदद की। इन कार्रवाईयों में अफीम, डोडा-पोस्त, गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बड़ी मात्रा में बरामद किए गए हैं।

ANTF के मुताबिक, तस्कर अब नशीले पदार्थों को घरों, खेतों और गुप्त स्थानों पर छिपाकर तस्करी के नए तरीके अपना रहे हैं। हालांकि प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड कठिन परिस्थितियों में भी सटीक तरीके से नशे की खेप तक पहुंचने में सक्षम साबित हो रहा है।

विकास कुमार ने कहा कि ANTF की हर कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड टीम के अभिन्न हिस्से के रूप में काम कर रहा है और नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बना रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग हर तीसरे से पांचवें दिन टीम किसी न किसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।