राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जिलों में छह अभियानों के दौरान कई तस्करों को गिरफ्तार किया है और बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि ‘ऑपरेशन 750’ और ‘ऑपरेशन मनिप्लस’ समेत विभिन्न अभियानों के तहत कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से दो इनामी तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
कार्रवाइयों के दौरान टीम ने जालोर, भीलवाड़ा, जोधपुर, उदयपुर और अन्य क्षेत्रों में छापेमारी कर करीब 81 किलोग्राम अफीम का दूध, 22 किलोग्राम अफीम, 41 किलोग्राम डोडा चूरा, 527 ग्राम अफीम और 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा कई वाहन भी जब्त किए गए और कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार के मुताबिक नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नशे से जुड़े अपराधों की जानकारी मिले तो एएनटीएफ को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।

