राजस्थान में गैस संकट को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला,डोटासरा और टीकाराम जूली ने उठाए सवाल

Jaipur Politics Rajasthan


राजस्थान में रसोई गैस की कथित किल्लत और कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण एलपीजी और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे देश में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कीमतें बढ़ने के बावजूद लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे और कई जगहों पर कालाबाज़ारी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि गैस की कमी का असर होटल, रेस्टोरेंट, पर्यटन और अन्य उद्योगों पर भी पड़ रहा है। डोटासरा के मुताबिक अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो उद्योग और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाईं और फिर कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति रोक दी, जिससे लोगों में चिंता और घबराहट बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उज्ज्वला लाभार्थियों को 500 रुपये में सिलेंडर दिए गए थे, जबकि मौजूदा सरकार में महंगाई बढ़ी है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और मांग को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि घरेलू और व्यावसायिक गैस की आपूर्ति सुचारू की जाए ताकि आम लोगों और कारोबार पर पड़ रहे असर को कम किया जा सके।कांग्रेस ने यह भी कहा है कि यदि इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।