उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया पुष्कर मेला 2025 का भव्य शुभारंभ,101 नगाड़ों की गूंज से गूंज उठी ब्रह्मा नगरी

Rajasthan Rajasthan-Others

पुष्कर, राजस्थान — विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2025 का आज भव्य शुभारंभ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। पारंपरिक विधि-विधान से भगवान ब्रह्मा की पूजा-अर्चना के साथ मेले की शुरुआत हुई, जिसके बाद 101 नगाड़ों की सामूहिक गूंज से ब्रह्मा नगरी पुष्कर में आस्था और उत्सव का माहौल बन गया।

ध्वजारोहण कर मेले का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनके बीच जाकर उत्साहवर्धन किया। विदेशी पर्यटकों ने भी इस अवसर पर राजस्थान की लोक संस्कृति की भव्यता का आनंद लिया।

दिया कुमारी ने स्वयं भी नगाड़ा बजाकर समारोह में सहभागिता की और जनता का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि “पुष्कर मेला राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और आस्था का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार इसे वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।”

उन्होंने बताया कि पुष्कर कॉरिडोर की डीपीआर तैयार हो चुकी है और जल्द ही इसका कार्य शुरू होगा। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि 19 नवंबर को राज्य के सभी संभाग मुख्यालयों पर ‘घूमर महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा, जो राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।

यह मेला 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों पर्यटक भाग लेंगे। धार्मिक आस्था, लोक कला, संगीत और परंपराओं का संगम यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह, जिला कलेक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, भाजपा अजमेर देहात अध्यक्ष जीतमल, सभापति कमल पाठक, जनप्रतिनिधि, मेला आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।