अशोक गहलोत बोले-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की टिप्पणी से पहुंची पीड़ा,कहा- बीजेपी का गुस्सा मुझ पर निकाला

Jodhpur Politics Rajasthan

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हालिया बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जोधपुर में मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ जिस तरह की टिप्पणी की, उससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से पीड़ा पहुंची है। गहलोत ने कहा कि पीड़ा तभी होती है, जब किसी के प्रति अपनत्व और विश्वास हो।

शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने आरोपों को तथ्यों के साथ साबित करना चाहिए या फिर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अब तक माफी नहीं मांगी है।

‘मुख्यमंत्री का बयान विस्फोटक था, शायद किसी ने पर्ची दे दी होगी’

गहलोत ने मुख्यमंत्री के बयान को विस्फोटक बताते हुए कहा कि संभव है किसी ने उन्हें पर्ची दे दी हो या वे भावावेश में बोल गए हों।

उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा था कि आरोपों को तथ्यों के साथ साबित करें या माफी मांगें, लेकिन उन्होंने माफी नहीं मांगी।”पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री से इस स्तर की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जाती।

‘मुख्यमंत्री को परिवार को राजनीति से दूर रखना चाहिए’

गहलोत ने मुख्यमंत्री की उस टिप्पणी पर भी पलटवार किया, जिसमें उनके तिलमिलाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि वे खुद नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री तिलमिला गए हैं।

शिखर अग्रवाल का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री को परिवार को राजनीति से दूर रखने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सलाह दी थी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद व्यक्ति को परिवार से दूरी रखते हुए प्रदेश के सभी वर्गों का विश्वास जीतने का प्रयास करना चाहिए। गहलोत ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री उनसे माफी नहीं मांगना चाहते, तो कम से कम प्रदेश की जनता से माफी मांग लें।

‘बीजेपी लीडरशिप का गुस्सा मुझ पर निकाल दिया’

जोधपुर में बीजेपी की हालिया रैली में जुटी भीड़ पर तंज कसते हुए गहलोत ने कहा कि वहां करीब 400 से 500 लोग ही पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी नेतृत्व को कम भीड़ जुटने पर अपनी पार्टी के नेताओं से सवाल करना चाहिए था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपना गुस्सा उन पर निकाल दिया।

गहलोत ने बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्राओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं में केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री की भागीदारी से आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी होती है।

‘आरोपों का आदी हूं, पहले भी लगते रहे हैं’

अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि वे 1980 में सांसद बने थे। इसके बाद इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में मंत्री रहे।

उन्होंने बताया कि उस दौरान भी उन पर बेंगलुरु में होटल, ग्रेनाइट फैक्ट्री और मुंबई में फ्लैट होने जैसे आरोप लगाए गए थे।

गहलोत ने कहा कि वे लंबे समय से इस तरह के आरोप सुनते आए हैं। इसके बावजूद उन्हें पार्टी में लगातार जिम्मेदारियां मिलीं और वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बने।

‘जयपुर के फेयरमाउंट होटल के मालिक भी हम ही हैं!’

गहलोत ने फेयरमाउंट होटल को लेकर लगाए जाने वाले आरोपों पर भी तंज कसा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग तो जयपुर के फेयरमाउंट होटल का मालिक भी उन्हें बता देते हैं।

उन्होंने कहा कि कई बार सुप्रीम कोर्ट के जज भी शादी के आयोजन के लिए होटल में किराया कम करवाने के संबंध में उनसे बात करने को कहते हैं, लेकिन होटल में उनका एक नया पैसा भी नहीं लगा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल चाहे किसी भी राजनीतिक दल से हों, उनका व्यक्तिगत सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आलोचना और व्यक्तिगत टिप्पणी के बीच अंतर बनाए रखना जरूरी है।