अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर,राजस्थान में रंगदारी और धमकी के कई मामले

Front-Page Jaipur National Rajasthan

राजस्थान के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) एजेंसी ने कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया है। हैरी बॉक्सर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने और विदेश में रहकर इस गिरोह का नेटवर्क संचालित करने के आरोप हैं।

हैरी बॉक्सर जयपुर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम कर चुका है। उस पर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का भी आरोप है। इसके अलावा अभिनेता सलमान खान, कपिल शर्मा और रणवीर सिंह समेत बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया है।

जयपुर में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग के दौरान बदमाशों के संपर्क में आया

हैरी बॉक्सर मूल रूप से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर-नारायणपुर इलाके का रहने वाला है। वह जयपुर में रहकर बॉक्सिंग की ट्रेनिंग लेता था और बाद में बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम करने लगा।

बताया जाता है कि इसी दौरान उसका संपर्क आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों से हुआ और धीरे-धीरे वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया।

राजस्थान के कारोबारियों से रंगदारी मांगने का आरोप

हैरी बॉक्सर पर विदेश में रहकर राजस्थान के कारोबारियों को फोन और व्हाट्सऐप के जरिए धमकाने और उनसे रंगदारी मांगने के आरोप हैं।

जयपुर के नारायण विहार निवासी एक कारोबारी ने भी उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कारोबारी को कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा गया था, “इतनी गोलियां दागूंगा, सात पीढ़ियां याद रखेंगी।”

जयपुर पुलिस और राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) उसके स्थानीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करती रही है। पुलिस ने हैरी बॉक्सर के इशारे पर रंगदारी वसूलने वाले कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया भी अमेरिका में हिरासत में लिए गए

हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है। दोनों भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित बताए जाते हैं।

विदेश में रहकर आपराधिक नेटवर्क संचालित करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ भारतीय एजेंसियां भी कार्रवाई कर रही हैं।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और ATS के प्रमुख एडीजी दिनेश एमएन के मुताबिक, हैरी बॉक्सर के खिलाफ राजस्थान और पंजाब में जबरन वसूली और हत्या के प्रयास समेत 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से ज्यादातर मामले रंगदारी से जुड़े हैं।