राजस्थान के सीकर जिले स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में व्यवस्थाओं और आधारभूत ढांचे को लेकर विशेषज्ञों की टीम ने सर्वे किया है। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के निर्देश पर एमएनआईटी जयपुर और सूरत एनआईटी की संयुक्त टीम ने भारत सरकार के अमृत रिसर्च सेंटर के माध्यम से यह अध्ययन किया।
सर्वे में प्रोफेसर और पीएचडी शोधार्थियों सहित 11 सदस्यीय टीम ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और भविष्य की विकास संभावनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। एचओडी नंद कुमार के मार्गदर्शन में टीम ने विभिन्न तकनीकी और प्रबंधन से जुड़े पहलुओं का अध्ययन किया।
इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश, सहायक अभियंता प्रवीण कुमार और कनिष्ठ अभियंता पूर्ण मल कुमावत भी मौजूद रहे। सर्वे रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी, जिससे खाटूश्यामजी सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सुनियोजित विकास में मदद मिल सकेगी।

