राजस्थान के जोधपुर में जोधपुर विकास प्राधिकरण की ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल मार्केट नगर योजना, मोगड़ा की लॉटरी प्रक्रिया शनिवार को आयोजित की गई। मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में हुए इस कार्यक्रम में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह और जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी भी मंच पर उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए समझौतों में से बड़ी संख्या में एमओयू अब धरातल पर उतर चुके हैं। मंत्री ने इस योजना को सूर्यनगरी के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय करार दिया।
मंत्री पटेल ने कहा कि दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजना से जुड़ाव के कारण यह क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों के लिए अहम बनता जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऑटोमोबाइल नगर, जोधपुर–पाली–मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित होने से प्रदेश का एक प्रमुख ऑटोमोबाइल हब बनकर उभरेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना से शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से बासनी औद्योगिक क्षेत्र और एम्स जोधपुर के आसपास परिवहन वाहनों की पार्किंग और आवागमन से होने वाली अव्यवस्थाओं व प्रदूषण पर नियंत्रण संभव होगा।कार्यक्रम में जेडीए के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

