राजस्थान के नागौर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नगर परिषद के असिस्टेंट टाउन प्लानर (ATP) कौशल कुमावत को 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह राशि एक कोल्ड स्टोरेज वेयरहाउस की टेक्निकल रिपोर्ट को पॉजिटिव बनाने के एवज में मांगी गई थी।
ACB की एडिशनल एसपी कल्पना सोलंकी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके भतीजे के नाम से पंजीकृत कोल्ड स्टोरेज के लिए नगर परिषद में तकनीकी रिपोर्ट की आवश्यकता थी। जब फाइल ATP कौशल कुमावत के पास पहुंची तो उसने रिपोर्ट को मंजूरी देने के लिए 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद मामला 4 लाख रुपये में तय हुआ।
ACB ने शिकायत की पुष्टि के बाद बुधवार दोपहर ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने ATP को नोटों का बंडल सौंपा, जिसमें 20 हजार रुपये के असली नोटों के साथ 3.8 लाख रुपये के डमी नोट शामिल थे। जैसे ही कुमावत ने बंडल अपने टेबल के ड्रॉअर में रखा, ACB ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि ATP ने रिश्वत की राशि को सिर्फ अपने हस्ताक्षर के एवज में मांगी थी और अन्य अधिकारियों के लिए अलग से पैसे देने की बात भी कही थी। ट्रैप के बाद आरोपी चुपचाप ACB दफ्तर में बैठा रहा। मामले की आगे जांच जारी है।

