नई दिल्ली, 2 जुलाई। शालीमार बाग में पुनर्निर्मित विरासत संरचनाओं और शीश महल का बुधवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अनावरण किया। अपने उद्बोधन में शेखावत ने कहा कि शीश महल का पुनरुद्धार भारतीय संस्कृति और इतिहास के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली अतीत से सीखने और जुड़ने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि शालीमार बाग का एक सुधीर इतिहास है। शीश महल एक ऐतिहासिक विरासत है। यह 400 वर्षों से दिल्ली की एक पहचान से जुड़ा हुआ है, लेकिन शालीमार बाग और इसके अंदर बनी हुईं ऐतिहासिक इमारतें, शीश महल दुरावस्था की भेंट चढ़ गए थे। एएसआई और डीडीए ने मिलकर जो भव्यता और दिव्यता इस पार्क को दी है, वो निश्चित रूप से अभिनंदन के योग्य है। उन्होंने कहा कि उप राज्यपाल महोदय के निरंतर प्रयासों से और दिल्ली में नेतृत्व परिवर्तन के साथ एक नया युग आरंभ हुआ है। इन प्रयासों के बदौलत ही, यहां आज हम केवल स्मारकों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का उद्घाटन नहीं कर रहे, बल्कि हम उस सांस्कृतिक पुनर्जागरण के साक्षी भी बन रहे हैं, जिसमें इतिहास को भविष्य से जोड़ने का सामर्थ्य है।
शेखावत ने कहा कि यह पूरी परियोजना, यह सोच, यह दृष्टिकोण हमें सिखाता है कि संरक्षण केवल पत्थर और ईंटों का कार्य नहीं, यह दृष्टिकोण, चेतना और उत्तरदायित्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘विरासत बचाओ-विरासत बनाओ’ दृष्टिकोण का उत्कृष्ट प्रतीक है। प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि एक राष्ट्र केवल जमीन से नहीं, अपनी यादों, परंपराओं और मूल्यों से बनता है। यह प्रयास दिखाता है कि विरासत को सहेजना केवल संरक्षण नहीं, राष्ट्र निर्माण है।
दिल्ली की तत्कालीन सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शेखावत ने कहा कि जब इस पार्क को पुनर्निर्मित करने का काम उप राज्यपाल ने अपने हाथों में लिया था, तब दिल्ली में एक नकारात्मक (अस्वीकार्य) सरकार थी। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद जिस तरह से कामों को गति मिली है, उसको पूरा देश और दिल्ली के लोग एक नए उत्साह और ऊर्जा के साथ में देख रहे हैं। अब दिल्ली में डबल इंजन वाली सरकार है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही दिल्ली को ‘नई दिल्ली’ में बदल देंगी। शेखावत ने शालीमार बाग में पौधा भी रोपा।

